नई दिल्ली। भारत के पहले और सबसे बड़े डायलेक्ट-आधारित OTT प्लेटफॉर्म STAGE (स्टेज) ने अपनी नई हरियाणवी ओरिजिनल फिल्म ‘ढाणी’ रिलीज़ कर दी है। एक दमदार सर्वाइवल थ्रिलर के रूप में आई यह फिल्म रिलीज़ होते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। महज़ 17 दिनों में फिल्म को 97 लाख से अधिक व्यूज़ मिल चुके हैं, जिससे यह हाल के समय की सबसे तेज़ी से लोकप्रिय होने वाली हरियाणवी ओरिजिनल फिल्मों में शामिल हो गई है।
फिल्म की कहानी एक ऐसी साधारण लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो चार अपराधियों के बीच फँस जाती है। ज़िंदगी और मौत के बीच फँसी यह लड़की अपनी सूझबूझ, हिम्मत और ज़िंदा रहने की जिद के दम पर हर चुनौती का सामना करती है। तेज़ रफ्तार स्क्रीनप्ले, लगातार आने वाले ट्विस्ट और यथार्थवादी प्रस्तुति ने दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखा है। फिल्म हर कुछ मिनट में नया ट्विस्ट लाती है जिससे दर्शक अंत तक अनुमान नहीं लगा पाता कि आख़िर में जीत किसकी होगी।
STAGE (स्टेज) के को-फाउंडर व चीफ कंटेंट ऑफिसर प्रवीण सिंघल ने कहा, “STAGE में हम हमेशा ऐसी कहानियों पर विश्वास करते हैं जो सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी बनाएं। ‘ढाणी’ उसी सोच का परिणाम है। यह फिल्म डर, साहस, सस्पेंस और मानवीय संघर्ष को बेहद प्रभावशाली ढंग से सामने लाती है। दर्शकों से मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्रीय भाषाओं में भी विश्वस्तरीय कहानियों के लिए बड़ी ऑडियंस मौजूद है।हमें पूरा विश्वास है कि ये फ़िल्म हरियाणवी सिनेमा के दर्शकों के साथ–साथ थ्रिलर पसंद करने वाले हर दर्शक को पसंद आएगी।”
फिल्म में सपर चहल मुख्य भूमिका में हैं. बतौर लीड के तौर पर उनकी ये पहली फिल्म है। इनके अलावा इस फिल्म में हरिओम कौशिक, अनुप रंगा, रोहित फोगाट, मनीष कुमार, चंदन शर्मा, मीना मलिक और कृष्णा मलिक प्रमुख भूमिकाओं में नज़र आए हैं। फिल्म का कॉन्सेप्ट और कहानी अनु परमार एवं प्रवेश राजपूत ने तैयार की है, जबकि स्क्रीनप्ले और संवाद आकाश सिंह ने लिखे हैं। फिल्म के क्रिएटर हरिओम कौशिक, निर्देशक अनमोल दर्शन और संगीतकार रोहित फोगाट हैं।
STAGE (स्टेज) इससे पहले ‘पुनर्जन्म’, ‘नाते’, ‘सांवरी’, ‘विदेशी बहू’ और ‘महापुनर्जन्म’ जैसी सफल हरियाणवी फिल्मों और सीरीज़ के ज़रिए दर्शकों का दिल जीत चुका है। इन्हीं सफल प्रोजेक्ट्स की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए ‘ढाणी’ एक बार फिर स्थानीय संस्कृति, मजबूत कहानी और मनोरंजक सिनेमा का बेहतरीन मेल लेकर आई है।
रिलीज़ के बाद से सोशल मीडिया पर भी फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। दर्शक इसके सस्पेंस, दमदार अभिनय और महिला किरदार की बहादुरी की जमकर सराहना कर रहे हैं। कई दर्शकों ने इसे ऐसी थ्रिलर बताया है जो आख़िरी दृश्य तक यह अनुमान नहीं लगाने देती कि अंत में जीत किसकी होगी।
पिछले कुछ वर्षों में STAGE हरियाणवी, भोजपुरी, राजस्थानी, गुजराती, मराठी और बांग्ला जैसी भारतीय भाषाओं में ओरिजिनल कंटेंट के ज़रिए क्षेत्रीय मनोरंजन को नई पहचान दे रहा है।
2019 में लॉंच हुआ STAGE (स्टेज) भारत का पहला और सबसे बड़ा डायलेक्ट आधारित OTT प्लेटफ़ॉर्म है। “भारत की मिट्टी की कहानी” दुनिया भर के भारतीयों तक पहुंचाने के विजन के साथ शुरू हुआ STAGE आज की तारीख़ में 6 क्षेत्रीय भाषाओं में ओरिजनल फ़िल्में, वेब सीरीज़ और डिजिटल मनोरंजन परोस रहा है। इस प्लेटफ़ॉर्म का उद्देश्य क्षेत्रीय भाषाओं और स्थानीय संस्कृति को वैश्विक स्तर तक पहुँचाना है।
